मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाले Reliance Industries समूह ने मुंबई के पश्चिमी इलाके में स्थित 101.4 एकड़ के जुहू गल्ली स्लम क्लस्टर के पुनर्विकास का बड़ा ठेका जीत लिया है। इस डील के साथ रिलायंस ने मुंबई के स्लम रीडेवलपमेंट सेक्टर में औपचारिक एंट्री कर ली है, जहां Adani Group पहले से धारावी परियोजना पर काम कर रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Reliance 4IR Realty Private Ltd की अगुवाई वाले कंसोर्टियम ने इस बोली को अपने नाम किया। यह प्रोजेक्ट करीब 28,000 से ज्यादा पुनर्वास घर उपलब्ध कराएगा, जिससे हजारों परिवारों को स्थायी आवास मिलेगा।
इस टेंडर में JSW Group और Shapoorji Pallonji Group जैसे बड़े कॉर्पोरेट समूहों ने भी हिस्सा लिया था, जो इस सेक्टर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को दिखाता है।
महाराष्ट्र सरकार की नवंबर 2025 में लाई गई नई स्लम क्लस्टर नीति ने बड़े डेवलपर्स के लिए रास्ता आसान किया है। नई नीति के तहत 50 एकड़ से अधिक की जमीन पर बिना निवासियों की सहमति के रीडेवलपमेंट संभव है, साथ ही अतिरिक्त विकास अधिकार और ऊंची बिल्डिंग लिमिट भी दी जाती है।
रिलायंस को अगले दो वर्षों में ₹700 करोड़ अस्थायी किराए के लिए जमा करने होंगे, जबकि ₹100 करोड़ की परफॉर्मेंस गारंटी भी देनी होगी। यह प्रोजेक्ट मुंबई रियल एस्टेट, शहरी आवास और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर के लिए बड़ा गेमचेंजर माना जा रहा है। निवेशकों के लिए यह संकेत है कि बड़े कॉर्पोरेट अब हाई-वैल्यू अर्बन रीडेवलपमेंट में तेजी से दांव लगा रहे हैं।

