GIFT City से भारतीय निवेशकों को बड़ी राहत: Groww, Zerodha, Angel One और Upstox जल्द देंगे US Stocks में निवेश का मौका

GIFT City से भारतीय निवेशकों को बड़ी राहत: Groww, Zerodha, Angel One और Upstox जल्द देंगे US Stocks में निवेश का मौका

भारत के चार बड़े ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म Groww, Zerodha, Angel One और Upstox को GIFT City के जरिए अंतरराष्ट्रीय और अमेरिकी शेयरों में निवेश की सुविधा शुरू करने के लिए मंजूरी मिल गई है। इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज सेंटर्स अथॉरिटी (IFSCA) की उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह कदम भारतीय निवेशकों के लिए ग्लोबल मार्केट तक पहुंच को आसान बना सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, इन प्लेटफॉर्म्स को अपनी तकनीकी व्यवस्था, टेस्टिंग और नियामकीय अनुपालन पूरा करने में करीब 2 से 3 महीने लग सकते हैं। इसके बाद निवेशक सीधे अमेरिकी शेयरों और संभावित बड़े IPOs में भाग ले सकेंगे।

यह मंजूरी ऐसे समय आई है जब AI सेक्टर में निवेश का वैश्विक उत्साह तेज़ है। हाल ही में SpaceX की करीब 75 अरब डॉलर की फंडिंग और 1.75 ट्रिलियन डॉलर वैल्यूएशन ने बाजार में नई हलचल पैदा की है। इसी के साथ OpenAI और Anthropic के संभावित IPO को लेकर भी निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ रही है।

IFSCA ने अगस्त में Global Access Provider (GAP) फ्रेमवर्क लॉन्च किया था, जिसके तहत विदेशी निवेश कम लागत और बिना विदड्रॉल चार्ज के संभव होगा। Groww और Angel One GAP मॉडल के तहत काम करेंगे, जबकि Zerodha और Upstox ब्रोक-डीलर मॉडल अपनाएंगे।

भारत में अंतरराष्ट्रीय निवेश का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। Nasdaq ने पिछले एक साल में करीब 40% रिटर्न दिया है, जबकि AI, सेमीकंडक्टर, EV और स्पेस जैसे सेक्टर निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। हालांकि, 10 लाख रुपये से अधिक निवेश पर 20% TCS लागू होगा, जिसे बाद में टैक्स एडजस्टमेंट में इस्तेमाल किया जा सकता है।

इस मंजूरी से भारतीय रिटेल निवेशकों को वैश्विक बाजारों में सीधी हिस्सेदारी का नया रास्ता मिलेगा, खासकर ऐसे समय में जब AI आधारित कंपनियों की वैल्यूएशन और IPO पाइपलाइन तेजी से बढ़ रही है।