Coal India के शेयर फोकस में, ओडिशा में मिला पहला आयरन ओर ब्लॉक; 288 MT का बड़ा संसाधन

Coal India के शेयर फोकस में, ओडिशा में मिला पहला आयरन ओर ब्लॉक; 288 MT का बड़ा संसाधन

Coal India के शेयर शुक्रवार को निवेशकों के रडार पर रह सकते हैं। सरकारी कंपनी ने 6 अगस्त को बताया कि वह ओडिशा के Gadadharpur आयरन ओर ब्लॉक के लिए Preferred Bidder बन गई है। यह Coal India की आयरन ओर माइनिंग में पहली एंट्री है और कंपनी की कोयला कारोबार से आगे विविधीकरण की रणनीति को दर्शाता है।

ओडिशा सरकार ने इस ब्लॉक को नीलामी के जरिए Coal India को आवंटित किया है। कंपनी के मुताबिक, माइनिंग लीज मिनरल की डिस्पैच वैल्यू के 114.05% के ऑक्शन प्रीमियम पर मिली है। Gadadharpur ब्लॉक फिलहाल G3 exploration stage पर है और इसमें कुल 288 मिलियन टन संसाधन का अनुमान है।

G3 चरण में किसी खनिज क्षेत्र की शुरुआती विस्तृत जांच की जाती है। इसमें सैंपलिंग, मैपिंग, पिटिंग और शुरुआती ड्रिलिंग के जरिए खनिज संसाधन का आकलन किया जाता है। Coal India को सफल बोलीदाता घोषित होने की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए एक साल और माइनिंग लीज डीड निष्पादित करने के लिए अधिकतम तीन साल का समय मिलेगा।

यह कदम ऐसे समय आया है जब Coal India अपने मुख्य कोयला कारोबार के साथ नए खनिज क्षेत्रों में विस्तार कर रही है। लंबे समय में यह रणनीति कंपनी को ऊर्जा बदलाव के दौर में कारोबार में विविधता देने में मदद कर सकती है।

Q1 FY27 में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 0.63% बढ़कर ₹8,852 करोड़ रहा, जबकि ऑपरेशनल रेवेन्यू 8% बढ़कर ₹46,255 करोड़ पहुंचा। हालांकि, EBITDA 4% घटकर ₹12,069 करोड़ और मार्जिन 26.09% रह गया।

6 अगस्त को NSE पर Coal India का शेयर ₹415.60 पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप करीब ₹2.56 लाख करोड़ था।