जून के दूसरे पखवाड़े में FII की जोरदार वापसी, फाइनेंशियल्स और कंस्ट्रक्शन सेक्टर में सबसे ज्यादा निवेश

जून के दूसरे पखवाड़े में FII की जोरदार वापसी, फाइनेंशियल्स और कंस्ट्रक्शन सेक्टर में सबसे ज्यादा निवेश

जून के पहले पखवाड़े में लगातार बिकवाली करने के बाद विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने महीने के दूसरे हिस्से में भारतीय शेयर बाजार में मजबूत वापसी की। इस दौरान FIIs ने इक्विटी बाजार में करीब 14,100 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया। सबसे अधिक खरीदारी फाइनेंशियल सर्विसेज, कंस्ट्रक्शन, कंज्यूमर सर्विसेज, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, रियल्टी और हेल्थकेयर सेक्टर में देखने को मिली।

NSDL के आंकड़ों के अनुसार, फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में FIIs ने जून के दूसरे पखवाड़े में 14,634 करोड़ रुपये का निवेश किया। यह बदलाव इसलिए भी महत्वपूर्ण रहा क्योंकि महीने के पहले हिस्से में इसी सेक्टर से 11,263 करोड़ रुपये की बिकवाली हुई थी। कंस्ट्रक्शन सेक्टर में 3,484 करोड़ रुपये और कंज्यूमर सर्विसेज में 3,081 करोड़ रुपये की खरीदारी दर्ज की गई, जबकि पहले पखवाड़े में इन दोनों सेक्टरों में शुद्ध बिकवाली हुई थी।

कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 2,564 करोड़ रुपये, रियल्टी में 1,893 करोड़ रुपये और हेल्थकेयर में 1,435 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश दर्ज हुआ। सर्विसेज सेक्टर में भी निवेशकों की दिलचस्पी बनी रही, जहां दूसरे पखवाड़े में 2,592 करोड़ रुपये का निवेश हुआ। पहले पखवाड़े में इस सेक्टर में 302 करोड़ रुपये का निवेश आया था।

हालांकि, सभी सेक्टरों में खरीदारी नहीं दिखी। मेटल्स एंड माइनिंग में FIIs ने 4,371 करोड़ रुपये की बिकवाली की, जो सबसे अधिक रही। इसके अलावा पावर सेक्टर में 3,743 करोड़ रुपये, ऑयल एंड गैस में 2,789 करोड़ रुपये, कैपिटल गुड्स में 1,442 करोड़ रुपये और ऑटो सेक्टर में 1,324 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली दर्ज की गई। आईटी सेक्टर में बिकवाली घटकर 733 करोड़ रुपये रह गई, जबकि पहले पखवाड़े में यह 6,733 करोड़ रुपये थी।

जून के दूसरे पखवाड़े के आंकड़े संकेत देते हैं कि विदेशी निवेशकों का रुझान चुनिंदा घरेलू सेक्टरों की ओर मजबूत हुआ है। वहीं, कमोडिटी और औद्योगिक क्षेत्रों में सतर्कता अभी भी बनी हुई है, जिससे आने वाले महीनों में सेक्टर-आधारित निवेश रणनीति पर बाजार की नजर बनी रह सकती है।