Q4 घाटा घटने के बाद Physicswallah के शेयरों में 5% उछाल, ब्रोकरेज को ग्रोथ पर भरोसा

Q4 घाटा घटने के बाद Physicswallah के शेयरों में 5% उछाल, ब्रोकरेज को ग्रोथ पर भरोसा

एडटेक कंपनी Physicswallah के शेयर शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 5 फीसदी से ज्यादा चढ़ गए, जब कंपनी ने मार्च तिमाही में घाटा कम होने और मजबूत रेवेन्यू ग्रोथ की जानकारी दी। बेहतर ऑपरेटिंग प्रदर्शन और ऑनलाइन-ऑफलाइन बिजनेस में तेजी के चलते कई ब्रोकरेज फर्मों ने कंपनी के ग्रोथ आउटलुक पर सकारात्मक रुख बनाए रखा है।

शुक्रवार सुबह 10:45 बजे तक कंपनी का शेयर 5.3 फीसदी बढ़कर ₹115.64 पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान यह ₹117.95 के उच्च स्तर तक पहुंचा, जबकि पिछला बंद भाव ₹111.90 था।

कंपनी ने Q4 FY26 में ₹131.76 करोड़ का नेट लॉस दर्ज किया, जो पिछले साल की समान तिमाही के ₹314.18 करोड़ के घाटे से काफी कम है। इस दौरान कंपनी की आय में 51 फीसदी सालाना वृद्धि दर्ज की गई, जिसने बाजार अनुमानों को पीछे छोड़ दिया।

Goldman Sachs ने स्टॉक पर ‘न्यूट्रल’ रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट प्राइस ₹130 से बढ़ाकर ₹133 कर दिया। ब्रोकरेज के मुताबिक, मजबूत ऑपरेटिंग लीवरेज के कारण EBITDA मार्जिन उम्मीद से बेहतर रहा। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि उसका मुख्य फोकस ऑनलाइन एजुकेशन बिजनेस पर रहेगा।

वहीं HSBC ने स्टॉक पर ‘बाय’ रेटिंग के साथ ₹135 का लक्ष्य दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि ऑफलाइन विस्तार और ऑनलाइन प्रीमियम कोर्सेज की मांग कंपनी की ग्रोथ को आगे बढ़ा रही है। HSBC ने FY26-30 के दौरान EBITDA CAGR 60 फीसदी रहने का अनुमान जताया है।

घरेलू ब्रोकरेज JM Financial ने कहा कि कंपनी का ऑनलाइन बिजनेस अभी भी रणनीतिक रूप से सबसे अहम बना हुआ है। हालांकि, NBFC यूनिट में ₹120 करोड़ निवेश के फैसले और हालिया शेयर रैली के बाद ब्रोकरेज ने स्टॉक को ‘बाय’ से घटाकर ‘ऐड’ कर दिया।