गौतम अडानी फिर बने एशिया के सबसे अमीर शख्स, मुकेश अंबानी और मासायोशी सोन को छोड़ा पीछे

गौतम अडानी फिर बने एशिया के सबसे अमीर शख्स, मुकेश अंबानी और मासायोशी सोन को छोड़ा पीछे

अडानी समूह के चेयरमैन Gautam Adani ने एक बार फिर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का स्थान हासिल कर लिया है। हाल के दिनों में अडानी समूह के शेयरों में आई तेज़ बढ़त ने उनकी संपत्ति में बड़ा इजाफा किया है, जिससे उन्होंने Mukesh Ambani और Masayoshi Son को पीछे छोड़ दिया।

फोर्ब्स की रियल-टाइम अरबपति सूची के अनुसार गौतम अडानी की कुल संपत्ति बढ़कर 89.2 अरब डॉलर तक पहुंच गई है। इसके मुकाबले मुकेश अंबानी की नेटवर्थ 88 अरब डॉलर और सॉफ्टबैंक के प्रमुख मासायोशी सोन की संपत्ति 87 अरब डॉलर बताई गई है। हालिया गिरावट के बाद सोन एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति की सूची में पीछे खिसक गए।

अडानी समूह की कंपनियों के शेयरों में हाल में मजबूत तेजी देखी गई है। शुक्रवार को अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयर करीब 7% चढ़े, जबकि अडानी एनर्जी के शेयरों में लगभग 4% की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा अडानी एंटरप्राइजेज और अडानी पोर्ट्स के शेयर करीब 2% बढ़े, जबकि अडानी पावर में 1% से अधिक की तेजी देखी गई। वर्ष 2026 में अब तक समूह के कई शेयर 23% से 56% तक उछल चुके हैं।

पिछले महीने अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा अडानी समूह के खिलाफ कथित धोखाधड़ी के आरोपों को खारिज करने के बाद निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। इसके बाद से गौतम अडानी की संपत्ति में लगभग 10 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। इससे पहले 2023 में हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद समूह के शेयरों पर भारी दबाव देखा गया था, हालांकि बाद में नियामकीय स्तर पर इन आरोपों को स्थापित नहीं माना गया।

वैश्विक स्तर पर गौतम अडानी फिलहाल दुनिया के 23वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। शुक्रवार को उनकी संपत्ति में एक दिन में लगभग 2.5 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति का स्थान अभी भी Elon Musk के पास बना हुआ है।