टेलीकॉम कंपनी Vodafone Idea के शेयरों में सोमवार को तेज खरीदारी देखने को मिली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी की पैरेंट फर्म Vodafone Group कंपनी की पूंजी स्थिति मजबूत करने की योजना पर काम कर रही है। इस खबर के बाद Vodafone Idea का शेयर इंट्रा-डे ट्रेड में 10% से ज्यादा उछल गया।
NSE पर कंपनी का शेयर 8.45% की बढ़त के साथ 12.19 रुपये पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 12.43 रुपये के स्तर तक पहुंचा, जो करीब 10.58% की तेजी दर्शाता है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, Vodafone Group नई नकद पूंजी डालने की बजाय अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा कंपनी को ट्रेजरी शेयर के रूप में ट्रांसफर करने पर विचार कर रही है। फिलहाल Vodafone Group की Vodafone Idea में करीब 19% हिस्सेदारी है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस कदम से कंपनी की बैलेंस शीट मजबूत हो सकती है और कर्ज जुटाने की प्रक्रिया को समर्थन मिलेगा। Vodafone Idea फिलहाल करीब 35,000 करोड़ रुपये का कर्ज जुटाने के लिए बैंकों से बातचीत कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, State Bank of India इस लोन कंसोर्टियम का नेतृत्व कर सकता है।
कंपनी भविष्य में इन ट्रेजरी शेयरों को बेचकर सरकारी बकाया भुगतान और नेटवर्क विस्तार के लिए अतिरिक्त पूंजी जुटा सकती है। फिलहाल भारत सरकार Vodafone Idea की सबसे बड़ी शेयरधारक है और उसके पास करीब 49% हिस्सेदारी है, जबकि Aditya Birla Group की भी कंपनी में हिस्सेदारी है।
पिछले एक साल में Vodafone Idea के शेयर करीब 68% चढ़ चुके हैं, जिससे कंपनी का बाजार मूल्य लगभग 1.08 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है।

