भारत के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज National Stock Exchange का बहुप्रतीक्षित IPO अब अपने शुरुआती निवेशकों के लिए बड़ी संपत्ति बनाने वाला साबित हो सकता है। ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के मुताबिक, State Bank of India को इस इश्यू से करीब ₹4,950 करोड़ की कमाई हो सकती है, जबकि उसका शुरुआती निवेश सिर्फ ₹1.98 करोड़ था।
SBI इस ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए 2.475 करोड़ शेयर बेचने की योजना में है। बैंक की औसत खरीद लागत सिर्फ ₹0.80 प्रति शेयर रही, जबकि अनुमानित IPO प्राइस ₹2,000 प्रति शेयर माना गया है। इसका मतलब है कि SBI को लगभग ₹4,948 करोड़ का संभावित लाभ मिल सकता है।
सिर्फ SBI ही नहीं, बल्कि शुरुआती दौर में NSE में निवेश करने वाले कई सरकारी संस्थान भी भारी मुनाफे की स्थिति में हैं। Bank of Baroda करीब ₹59 लाख के निवेश पर ₹2,197 करोड़ के शेयर बेच सकता है। वहीं Stock Holding Corporation of India Ltd. लगभग ₹50 लाख के निवेश के बदले ₹2,178 करोड़ की हिस्सेदारी भुना सकता है।
बीमा कंपनियों में The New India Assurance Company और National Insurance Company की हिस्सेदारी भी हजारों करोड़ रुपये की वैल्यू पर पहुंच चुकी है।
विदेशी निवेशकों में Canada Pension Plan Investment Board की लागत सबसे ज्यादा ₹324.13 प्रति शेयर रही, लेकिन ₹2,000 के संभावित IPO मूल्य पर इन्हें भी मल्टीबैगर रिटर्न मिलने की उम्मीद है।
NSE का IPO भारतीय पूंजी बाजार के तीन दशक के विकास और वैल्यू क्रिएशन की एक बड़ी मिसाल माना जा रहा है। यह लिस्टिंग न केवल शुरुआती निवेशकों के लिए ऐतिहासिक मुनाफा ला सकती है, बल्कि बाजार में निवेशकों की दिलचस्पी भी बढ़ा सकती है।

