सोमवार, 18 मई को ICICI Prudential Life Insurance के शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली। कंपनी का स्टॉक NSE पर करीब 8.77% टूटकर ₹488.60 के 52-वीक लो तक पहुंच गया। बाजार में यह गिरावट उस समय आई जब UK की बीमा कंपनी Prudential plc ने भारत में बड़ा निवेश करने का ऐलान किया।
प्रूडेंशियल पीएलसी ने रविवार को घोषणा की कि वह ₹3,500 करोड़ में Bharti Life Insurance में 75% हिस्सेदारी खरीदेगी। यह हिस्सेदारी Bharti Life Ventures Pvt Ltd और 360 ONE Asset Management से खरीदी जाएगी। कंपनी के अनुसार यह डील लगभग 389 मिलियन डॉलर की शुरुआती नकद राशि पर आधारित है।
फिलहाल प्रूडेंशियल, ICICI Bank के साथ मिलकर ICICI Prudential Life में करीब 22% हिस्सेदारी रखती है। लेकिन Bharti Life में कंट्रोलिंग स्टेक लेने के बाद भारतीय बीमा नियमों के तहत उसे अपनी मौजूदा हिस्सेदारी कम करनी पड़ सकती है। बाजार को आशंका है कि प्रूडेंशियल को ICICI Prudential Life में अपनी हिस्सेदारी 10% से नीचे लानी पड़ सकती है।
निवेशकों की चिंता इस बात को लेकर है कि भारत में प्रूडेंशियल का रणनीतिक फोकस अब ICICI Prudential Life से हटकर Bharti Life की ओर जा सकता है। हालांकि कंपनी के बिजनेस ऑपरेशन पर फिलहाल कोई सीधा असर नहीं बताया गया है, लेकिन भविष्य की हिस्सेदारी और पार्टनरशिप को लेकर अनिश्चितता ने निवेशकों का भरोसा कमजोर किया है।
गौरतलब है कि पिछले साल Allianz ने भी Bajaj Finserv के साथ अपनी लंबे समय की बीमा साझेदारी से बाहर निकलने का फैसला किया था। ऐसे में विदेशी बीमा कंपनियों की रणनीति में बदलाव को लेकर बाजार पहले से सतर्क बना हुआ है।

