टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तेजी से बदलते आईटी कारोबार के बीच अपनी नेतृत्व टीम में बड़ा बदलाव करते हुए पांच नए बिजनेस यूनिट बनाने की घोषणा की है। कंपनी का लक्ष्य अमेरिका के वेस्ट कोस्ट बाजार और नए ग्रोथ क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करना है।
रॉयटर्स के अनुसार, यह बदलाव CEO के. कृतिवासन और COO आरती सुब्रमणियन द्वारा जारी आंतरिक मेमो के जरिए घोषित किए गए। कंपनी ने अमेरिका के बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज कारोबार को दो हिस्सों—US West और US East—में बांट दिया है। राकेश कुमार US West बैंकिंग यूनिट का नेतृत्व करेंगे, जबकि मोहन वीटुरी US East की जिम्मेदारी संभालेंगे। मौजूदा प्रमुख सुशील वासुदेवन अब CEO को रिपोर्ट करने वाली रणनीतिक भूमिका निभाएंगे।
TCS ने इसके अलावा ServiceNow प्रैक्टिस, ट्रैवल एंड ट्रांसपोर्ट, एनर्जी एंड यूटिलिटी, US West Coast और ग्लोबल ऑटोनॉमस बिजनेस जैसे पांच नए बिजनेस ग्रुप भी बनाए हैं। साथ ही साइबर सिक्योरिटी, यूके, यूरोप लाइफ साइंसेज और कम्युनिकेशन एवं मीडिया वर्टिकल के लिए भी नए नेतृत्व की नियुक्ति की गई है। कनाडा बैंकिंग प्रमुख मनमीत छाबड़ा को अब कनाडा कंट्री हेड बनाया गया है।
बैंकिंग TCS का सबसे बड़ा कारोबार है, जो कंपनी की कुल आय का लगभग एक-तिहाई हिस्सा देता है, जबकि उत्तर अमेरिका से करीब आधी आय आती है। ऐसे में यह पुनर्गठन कंपनी के सबसे महत्वपूर्ण बाजारों पर फोकस बढ़ाने की रणनीति माना जा रहा है।
यह कदम ऐसे समय आया है जब 315 अरब डॉलर के भारतीय आईटी सेवा उद्योग पर AI का दबाव बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि AI के कारण इंजीनियरिंग टीमों की मांग घट सकती है, प्रोजेक्ट तेजी से पूरे होंगे और कीमतों पर दबाव बढ़ेगा। हालांकि, TCS ने हाल ही में अप्रैल-जून तिमाही में बैंकिंग ग्राहकों के मजबूत खर्च और रुपये की कमजोरी के चलते बाजार अनुमान से बेहतर राजस्व दर्ज किया, जिससे कंपनी की कारोबारी स्थिति मजबूत बनी हुई है।

