L&T Finance का जून तिमाही में रिकॉर्ड मुनाफा, 29% उछाल के साथ रिटेल लोन कारोबार ने दिखाई दमदार रफ्तार

L&T Finance का जून तिमाही में रिकॉर्ड मुनाफा, 29% उछाल के साथ रिटेल लोन कारोबार ने दिखाई दमदार रफ्तार

L&T Finance ने वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही (Q1) में अब तक का सबसे अधिक तिमाही मुनाफा दर्ज किया है। कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ (Net Profit) सालाना आधार पर 28.7% बढ़कर ₹902 करोड़ पहुंच गया। इस मजबूत प्रदर्शन के पीछे रिटेल लोन पोर्टफोलियो का तेज विस्तार, बेहतर लोन वितरण और लगातार सुधरती एसेट क्वालिटी प्रमुख वजह रही।

जून तिमाही में कंपनी की कुल आय 25% बढ़कर ₹4,894.9 करोड़ रही, जबकि नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 28.4% बढ़कर ₹2,924.8 करोड़ पर पहुंच गई। कंपनी का कुल समेकित लोन बुक 27% की बढ़त के साथ ₹1.29 लाख करोड़ के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। वहीं रिटेल लोन बुक 28% बढ़कर ₹1.28 लाख करोड़ हो गई, जो कंपनी के ‘लक्ष्य 2031’ में तय 20% से अधिक वृद्धि के लक्ष्य से भी बेहतर रही।

रिटेल डिस्बर्समेंट 36% बढ़कर ₹23,852 करोड़ पहुंचा। पर्सनल लोन वितरण में 126% की तेज बढ़त दर्ज की गई, जबकि गोल्ड लोन एसेट्स 182% बढ़कर ₹3,829 करोड़ हो गए। इसके अलावा टू-व्हीलर फाइनेंस डिस्बर्समेंट 41% और ग्रामीण बिजनेस फाइनेंस 24% बढ़ा, जिससे रिटेल पोर्टफोलियो में व्यापक मजबूती देखने को मिली।

कंपनी की एसेट क्वालिटी में भी सुधार जारी रहा। ग्रॉस स्टेज-3 एसेट्स घटकर 2.86% और नेट स्टेज-3 0.90% पर आ गए। क्रेडिट कॉस्ट भी घटकर 2.54% रही, जिसका श्रेय बेहतर अंडरराइटिंग, मजबूत रिकवरी और AI आधारित जोखिम प्रबंधन को दिया गया।

प्रबंध निदेशक एवं CEO सुदीप्त रॉय ने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों, महंगाई और ऊंची उधारी लागत के बावजूद कंपनी अनुशासित विकास रणनीति पर कायम है। उन्होंने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल टेक्नोलॉजी में निवेश से क्रेडिट चयन, ग्राहक अनुभव और परिचालन क्षमता में लगातार सुधार हो रहा है, जिससे कंपनी AI-आधारित वित्तीय सेवा संस्थान बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है।